गोलमोल जवाब न देकर कोडिन माफिया के साथ फोटो की हकीकत बताएं सपा अध्यक्षः सुरेश खन्ना

0
0
0

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना का बड़ा हमला

75 गिरफ्तार, 9.42 करोड़ का कफ सिरप सीज

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश में कोडिनयुक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी को लेकर योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने शनिवार को शाहजहांपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला और कहा कि कोडिन माफिया के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तस्वीर सामने आई है, ऐसे में गोलमोल जवाब देने के बजाय उन्हें देश को इसकी सच्चाई बतानी चाहिए।

खन्ना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योगी सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़े से बड़ा व्यक्ति भी कानून से ऊपर नहीं है। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।

कोडिन माफिया से जुड़े लोगों के सपा से संबंध

कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि इस मामले में पकड़े गए लोगों के किसी न किसी रूप में समाजवादी पार्टी के लोगों से संबंध सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कफ सिरप के दुरुपयोग से देश में बच्चों की मौतें हुईं, लेकिन इस संवेदनशील मुद्दे पर भी सपा ने चुप्पी साधे रखी।

खन्ना ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में इस कफ सिरप से किसी भी मौत की पुष्टि नहीं हुई है, इसके बावजूद सरकार ने पूरी गंभीरता के साथ जांच और कार्रवाई की।

नशा मुक्त उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य

सुरेश खन्ना ने कहा कि जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य नशा मुक्त भारत है, वैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प नशा मुक्त उत्तर प्रदेश बनाना है। कोडिनयुक्त कफ सिरप गंभीर खांसी के मरीजों के लिए डॉक्टर की पर्ची पर दी जाने वाली दवा है। मेडिकल स्टोरों को इसका पूरा रिकॉर्ड रखना अनिवार्य है, लेकिन बड़े पैमाने पर इसका दुरुपयोग कर इसे नशे के लिए इस्तेमाल किया गया।

जांच में सामने आया कि कोडिनयुक्त सिरप की नेपाल और बांग्लादेश तक तस्करी की जा रही थी, जिसे रोकने के लिए सरकार ने कड़ा कदम उठाया।

33 जिलों में एफआईआर, 140 फर्मों पर कार्रवाई

वित्त मंत्री ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क की जांच के लिए एफएसडीए और पुलिस विभाग के सहयोग से एसआईटी गठित की गई है। पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) एल. आर. कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी जांच कर रही है।

अब तक:

33 जनपदों में 140 फर्मों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं। 

बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई दर्ज की गई। 

75 लोगों की गिरफ्तारी हुई। 

9.42 करोड़ रुपये मूल्य का कफ सिरप सीज

12,65,455 बोतलें कोडिनयुक्त सिरप बरामद की गई। 

एक-एक दोषी को बख्शा नहीं जाएगा

सुरेश खन्ना ने भरोसा दिलाया कि जैसे-जैसे एसआईटी की जांच आगे बढ़ेगी, इसमें शामिल हर व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि यह कार्रवाई किसी राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि जनहित और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए की जा रही है।

योगी सरकार में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। जो भी दोषी होगा, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”

कोडिन माफिया के खिलाफ यह कार्रवाई न सिर्फ उत्तर प्रदेश में, बल्कि देशभर में नशे के नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!