बीजेपी संगठन में नवाब सिंह नागर की दमदार एंट्री, सौंपी गई पश्चिमी यूपी की कमान
चुनावी रण से पहले बीजेपी का बड़ा संदेश
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ/नोएडा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने नए प्रदेश संगठन की घोषणा करते हुए एक ऐसा फैसला लिया है, जिसकी राजनीतिक हलकों में व्यापक चर्चा शुरू हो गई है। पार्टी नेतृत्व ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ, अनुभवी और जनाधार वाले नेता नवाब सिंह नागर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाकर संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी है।
भाजपा का यह फैसला केवल संगठनात्मक फेरबदल नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को लेकर पार्टी की चुनावी रणनीति का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पश्चिमी यूपी जैसे निर्णायक क्षेत्र में नवाब सिंह नागर को जिम्मेदारी देकर भाजपा ने अनुभवी नेतृत्व, मजबूत संगठन क्षमता और सामाजिक स्वीकार्यता पर अपना भरोसा जताया है।
नवाब सिंह नागर लंबे समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक प्रभावशाली चेहरा रहे हैं। जनसरोकारों के मुद्दों पर मुखर रहने, कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ और बेदाग सार्वजनिक जीवन के कारण वे क्षेत्र में विशेष सम्मान रखते हैं। यही वजह है कि संगठन के इस महत्वपूर्ण पुनर्गठन में उन्हें पश्चिमी यूपी की जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी ने उनके बढ़ते राजनीतिक कद पर आधिकारिक मुहर लगा दी है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद नवाब सिंह नागर ने भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए NEWS1UP से कहा- 
भारतीय जनता पार्टी ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उसके लिए मैं शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभारी हूं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा का मजबूत गढ़ है और हम बूथ से लेकर संगठन के प्रत्येक स्तर तक कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और प्रदेश नेतृत्व की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता होगी। आगामी विधानसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा की ऐतिहासिक विजय का आधार बनेगा।
उन्होंने आगे कहा-
“मैं संगठन का एक साधारण कार्यकर्ता हूं। पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाऊंगा। हमारा लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास और अधिक मजबूत करना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा की ताकत है और हम सब मिलकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।”
राजनीतिक पंडितों का मानना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार, कार्यकर्ताओं के समन्वय और चुनावी तैयारियों को गति देने में नवाब सिंह नागर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहने वाली है। किसान, ग्रामीण और शहरी समाज के विभिन्न वर्गों में उनकी स्वीकार्यता उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान दिलाती है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा घोषित नई टीम में जहां कई नए और अनुभवी चेहरों को जगह मिली है, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाकर पार्टी ने युवा नेतृत्व को भी मजबूत संदेश दिया है। लेकिन राजनीतिक दृष्टि से सबसे अधिक चर्चा नवाब सिंह नागर को पश्चिमी यूपी की कमान सौंपे जाने की हो रही है।
