गुलमोहर एनक्लेव में मिशन शक्ति का जागरूकता अभियान

0

महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

जागरूक महिला ही सुरक्षित समाज की आधारशिला है:  खुशबू बालियान

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से थाना सिहानी गेट की मिशन शक्ति टीम ने शनिवार को राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी के कम्युनिटी हॉल में महिला सुरक्षा एवं नारी सशक्तिकरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी हेल्पलाइन नंबरों, साइबर अपराध से बचाव और केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

मिशन शक्ति प्रभारी खुशबू बालियान, उपनिरीक्षक त्रिवेणी, महिला कांस्टेबल प्रीति एवं हिमांशी ने उपस्थित महिलाओं को 112, 1090, 181 और 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग, साइबर ठगी से बचने के उपाय, डिजिटल सुरक्षा, महिला सुरक्षा कानूनों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं व्यवहारिक तरीके से दी। साथ ही मिशन शक्ति अभियान एवं महिला सुरक्षा संबंधी उपयोगी पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि महिलाएं स्वयं जागरूक होने के साथ अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिशन शक्ति प्रभारी खुशबू बालियान ने कहा कि-

मिशन शक्ति प्रभारी खुशबू बालियान

जागरूक महिला ही सुरक्षित समाज की आधारशिला है, प्रत्येक महिला को अपने अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है।

जागरूकता ही महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा करती है और अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम बनती है। उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए हर समय प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के समापन पर गुलमोहर एनक्लेव आरडब्ल्यूए की पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी ने मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि-

रश्मि चौधरी

आज हमें कई ऐसी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं, जिनकी पहले जानकारी नहीं थी। महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सरकारी हेल्पलाइन और महिलाओं के अधिकारों से जुड़ी जानकारी प्रत्येक महिला तक पहुंचनी चाहिए।

मिशन शक्ति टीम ने सभी विषयों को अत्यंत सरल और प्रभावी ढंग से समझाया। वितरित किए गए जागरूकता पंपलेट भविष्य में भी महिलाओं के लिए उपयोगी साबित होंगे।

कार्यक्रम में कवल चौधरी, सुमन अग्रवाल, मधु, कविता, अंजुला, नीरू, सीमा सहित दर्जनों महिला निवासियों ने भाग लिया। उपस्थित महिलाओं ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए ऐसे जागरूकता अभियानों का नियमित आयोजन किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!