6,785 करोड़ के निवेश से जेवर बनेगा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का नया हब, हजारों रोजगार सृजित होंगे: मुख्यमंत्री योगी

0

निवेश, बेहतर कानून-व्यवस्था और केंद्र-राज्य समन्वय ने उत्तर प्रदेश को बनाया निवेशकों की पहली पसंद: योगी आदित्यनाथ

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

जेवर। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जेवर में अंबर एंटरप्राइजेज और कोरिया सर्किट्स के संयुक्त उपक्रम ‘एसेंट के सर्किट्स’ के अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। करीब 6,785 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली इस परियोजना को प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग के विस्तार और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमिपूजन करते सीएम योगी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निवेश केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में मजबूत कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, अनेक एंकर यूनिट्स स्थापित होंगी और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करते सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश में बनने वाले लगभग 55 प्रतिशत मोबाइल फोन नोएडा-ग्रेटर नोएडा में निर्मित हो रहे हैं, जबकि इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के उत्पादन में भी यह क्षेत्र अग्रणी बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है।

यूपी के प्रस्तावों को केंद्र से मिलती है त्वरित स्वीकृति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की परियोजनाओं को केंद्र सरकार से अभूतपूर्व गति से स्वीकृतियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि कई बार प्रस्ताव भेजते ही अंतिम मंजूरी प्राप्त हो जाती है और कार्य आगे बढ़ाने का संदेश मिल जाता है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय मंत्रिपरिषद का आभार व्यक्त किया।

जंगलराज नहीं, अब मंगलराज की पहचान है जेवर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो क्षेत्र कभी कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के कारण चर्चा में रहता था, वही जेवर आज निवेश और विकास का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के संचालन और लगातार आ रहे निवेश प्रस्ताव इस बदलते उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं।

कोरिया से ऐतिहासिक रिश्तों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने भारत और दक्षिण कोरिया के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या और कोरिया का सांस्कृतिक जुड़ाव सदियों पुराना है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच यह आत्मीय संबंध औद्योगिक साझेदारी को भी नई मजबूती प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण के क्षेत्र में दक्षिण कोरिया की सफलता भारत के लिए प्रेरणास्रोत है और उत्तर प्रदेश इसी दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

2047 के विकसित भारत में निभाएगा अग्रणी भूमिका उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और उत्तर प्रदेश इस संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था, निवेश अनुकूल नीतियां, विशाल लैंड बैंक, सिंगल विंडो सिस्टम और समयबद्ध प्रोत्साहन योजनाओं के कारण प्रदेश आज निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है।

उन्होंने बताया कि कानपुर और झांसी के बीच लगभग 56 हजार एकड़ में विकसित की जा रही औद्योगिक नगरी (बीडा) तथा हाल ही में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का शिलान्यास भी प्रदेश को हाई-टेक औद्योगिक शक्ति बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय रेलवे, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, यूपी के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, प्रभारी मंत्री ब्रजेश सिंह, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, महेश शर्मा, विधायक धीरेंद्र सिंह, तेजपाल सिंह नागर, नगर अध्यक्ष महेश चौहान, अंबर ग्रुप के कार्यकारी अध्यक्ष जसवीर सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर दलजीत सिंह, सीईओ कोरिया सर्किट चो यांग-हो आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!