राजनगर एक्सटेंशन में गिरी राहत की फुहार!!
Brave Hearts सोसाइटी ने कृत्रिम वर्षा से बनाया
हवा में सांस लेने लायक माहौल
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ते प्रदूषण ने हालात इस कदर बिगाड़ दिए हैं कि लोगों के लिए सामान्य सांस लेना भी मुश्किल होता जा रहा है। गाजियाबाद हाल ही के दिनों में लगभग एक सप्ताह तक देश का सबसे प्रदूषित शहर बना रहा है,और हवा अभी भी बेहद ज़हरीली है। ऐसे कठिन माहौल में राजनगर एक्सटेंशन की ब्रेव हार्ट्स सोसाइटी ने एक अनोखी और सराहनीय पहल कर सभी के लिए उम्मीद की किरण जगाई है।

गाजियाबाद में पहली पहल
आज ब्रेव हार्ट्स सोसाइटी की AOA समिति ने पर्यावरण सुधार के उद्देश्य से कृत्रिम वर्षा (Artificial Rain) का सफलतापूर्वक आयोजन किया। अपनी तरह की यह गाज़ियाबाद की पहली पहल है, जिसने क्षेत्र में उड़ती धूल और दूषित हवा से जूझ रहे निवासियों को तत्काल राहत पहुंचाई। इस पहल का प्रमुख उद्देश्य उड़ती धूल को कम करना, पेड़ों की धूल साफ कर वायु गुणवत्ता में सुधार करना और वातावरण को स्वच्छ, ताज़ा और स्वास्थ्यकर बनाना था।
AOA अध्यक्ष एडवोकेट लविश त्यागी ने बताया-

“ऊँचाई से गिरता पानी धूल को तुरंत बैठाता है और हवा को साफ बनाता ह, हमें विश्वास है कि यह पहल हवा और स्वास्थ्य दोनों में सकारात्मक बदलाव लाएगी”
त्यागी ने यह भी कहा कि यदि सभी आवासीय सोसाइटियाँ सप्ताह में 1–2 बार कुछ देर के लिए कृत्रिम वर्षा अपनाना शुरू कर दें तो इसका सामूहिक प्रभाव कई गुना बढ़ सकता है और पूरे शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार आ सकता है।
बढ़ते प्रदूषण के बीच ‘ब्रेव हार्ट्स’ का साहसिक कदम

जहाँ दिल्ली-एनसीआर में AQI लगातार खतरनाक स्तरों को पार कर रहा है और प्रशासन की कोशिशों के बावजूद प्रदूषण में कमी देखने को नहीं मिल रही, वहीं राजनगर एक्सटेंशन की यह पहल एक प्रेरणादायक संदेश देती है, कि जागरूक नागरिक मिलकर भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।
कृत्रिम वर्षा शुरू होते ही आस-पास के क्षेत्र में धूलकणों की मात्रा में स्पष्ट कमी देखी गई। पेड़ों की पत्तियों पर जमी परत धुल गई और हवा में हल्की ताजगी महसूस हुई। इससे निवासियों में भी उत्साह देखा गया कि स्थानीय स्तर पर किए गए छोटे प्रयास भी कितनी बड़ी राहत दे सकते हैं।
संयुक्त प्रयासों से बनेगी स्वच्छ हवा

AOA समिति ने अन्य सोसाइटीज़ और RWA को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए इसी तरह की पहल करने का आह्वान किया है-
“आपका छोटा कदम, बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकता है।”
यही संदेश इस अभियान का मूल है।
जहाँ एक ओर प्रदूषण ने दिल्ली-एनसीआर को धुँध और धुएँ की चादर में ढक रखा है, वहीं गाज़ियाबाद की ब्रेव हार्ट्स सोसाइटी की यह अभिनव सोच पूरे शहर के लिए प्रेरणा बन रही है। यह पहल साबित करती है कि सामूहिक संकल्प और छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण सुधार की दिशा में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।
