21वीं मंजिल पर आग ! नोएडा की हाईराइज में मचा हड़कंप, दो फ्लैट चपेट में, छह दमकल गाड़ियां मौके पर
मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान
NEWS1UP
संवाददाता
नोएडा। नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी चपेट में कम से कम दो फ्लैट आ गए। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे सोसाइटी में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। पुलिस और फायर विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मिली जानकारी के मुताबिक आग लगने का कारण एसी में हुए ब्लास्ट को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि विस्फोट के बाद आग तेजी से फैल गई और आसपास के फ्लैट भी इसकी चपेट में आ गए। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
यह पूरी घटना सेक्टर-113 थाना क्षेत्र की है। दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने और यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि आग अन्य फ्लैटों तक न फैले।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने के आदेश भी दिए हैं। प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
फिलहाल दमकल विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटा है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
