एलिवेटेड रोड पर कार में निकला कोबरा, ट्रैफिक पुलिस के साहस से टला बड़ा हादसा
नोएडा जा रही महिला चालक की कार के डैशबोर्ड में छिपा मिला विषैला कोबरा, वीवीआईपी ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल ने सूझबूझ और साहस से टाला बड़ा हादसा
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली की ओर जाने वाली एलिवेटेड रोड पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नोएडा ऑफिस जा रही एक महिला चालक की कार के डैशबोर्ड में अचानक कोबरा सर्प दिखाई दे गया। सांप को देखते ही महिला घबरा गई और तत्काल कार रोककर बाहर निकल आई।

घटना कनावनी एलिवेटेड रोड के पास की है। कार से चला रही मीनाक्षी शर्मा, पुत्री जेपी शर्मा, निवासी श्रीराम हाइट्स सोसाइटी, राजनगर एक्सटेंशन, अपने घर से नोएडा स्थित कार्यालय जा रही थीं। इसी दौरान कार के भीतर सांप दिखाई देने से उनकी सांसें थम गईं।
संयोग से उसी समय वीवीआईपी ड्यूटी पर तैनात गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस की क्रेन नंबर-1 मौके पर मौजूद थी। सूचना मिलते ही क्रेन पर नियुक्त हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश ने बिना समय गंवाए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने कार के डैशबोर्ड में छिपे कोबरा को बेहद सावधानी से पकड़कर पानी की एक बड़ी खाली प्लास्टिक बोतल में सुरक्षित बंद कर लिया।

ट्रैफिक पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल संभावित बड़ा हादसा टल गया, बल्कि दहशत में आई महिला चालक ने भी राहत की सांस ली। सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद महिला अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
इसके बाद पकड़े गए कोबरा को नियमानुसार वन विभाग के अधिकारियों को सुपुर्द किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई, ताकि उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।
इस साहसिक कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ट्रैफिक पुलिस केवल यातायात व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करने को भी तत्पर रहती है।
जनहित में सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि विशेषकर बरसात के मौसम में कार का दरवाजा खोलते समय और वाहन स्टार्ट करने से पहले कार के अंदर, डैशबोर्ड, सीटों के नीचे तथा इंजन/बोनट क्षेत्र का एक बार सावधानीपूर्वक निरीक्षण अवश्य कर लें। कई बार सांप या अन्य जीव-जंतु वाहनों में छिप जाते हैं। थोड़ी-सी सतर्कता किसी भी संभावित दुर्घटना को टाल सकती है।
